Homeगुजरातबीएसई और एनएसई के मेनबोर्ड पर सूचीबद्ध हुआ इंसोलेशन एनर्जी लिमिटेड (INA...

बीएसई और एनएसई के मेनबोर्ड पर सूचीबद्ध हुआ इंसोलेशन एनर्जी लिमिटेड (INA Solar) का शेयर

राजस्थान, जयपुर | 09 मार्च 2026 — सोलर पैनल मैन्युफैक्चरिंग क्षेत्र की प्रमुख कंपनी इंसोलेशन एनर्जी लिमिटेड (INA Solar) ने सोमवार, 9 मार्च 2026 को एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए अपने 1 रुपये अंकित मूल्य के 22,03,94,625 इक्विटी शेयरों को बीएसई लिमिटेड और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज ऑफ इंडिया लिमिटेड (एनएसई) के मेनबोर्ड पर सफलतापूर्वक सूचीबद्ध कर लिया।

कंपनी इससे पहले बीएसई के एसएमई प्लेटफॉर्म पर सूचीबद्ध थी और अब उसे बीएसई मेनबोर्ड पर माइग्रेशन तथा एनएसई के कैपिटल मार्केट सेगमेंट (मेनबोर्ड) पर सीधी लिस्टिंग की अंतिम मंजूरी प्राप्त हुई थी। सोमवार से कंपनी के शेयर दोनों प्रमुख एक्सचेंजों पर कारोबार के लिए उपलब्ध हो गए हैं।

इस ऐतिहासिक अवसर पर जयपुर में आयोजित समारोह में राजस्थान सरकार के ऊर्जा मंत्री श्री हीरालाल नागर मुख्य अतिथि, जयपुर के पूर्व सांसद श्री रामचरण बोहरा विशिष्ट अतिथि तथा नेशनल स्टॉक एक्सचेंज के चीफ मैनेजर श्री जसवंत जैन विशेष रूप से उपस्थित रहे।

इस अवसर पर कंपनी के चेयरमैन श्री मनीष गुप्ता ने कहा, “बीएसई और एनएसई के मेनबोर्ड पर हमारी यह लिस्टिंग कंपनी की विकास यात्रा का एक ऐतिहासिक मील का पत्थर है। यह उपलब्धि हमारे निवेशकों के विश्वास, हमारी टीम की मेहनत और मजबूत कॉर्पोरेट गवर्नेंस के प्रति हमारी प्रतिबद्धता का परिणाम है। हमें विश्वास है कि यह कदम कंपनी की विश्वसनीयता और विकास को नई दिशा देगा।”

कंपनी के मैनेजिंग डायरेक्टर श्री विकास जैन ने कहा, “एसएमई प्लेटफॉर्म से मेनबोर्ड तक का यह सफर केवल एक उपलब्धि नहीं बल्कि एक बड़ी जिम्मेदारी भी है। कंपनी लगातार तकनीकी नवाचार, उत्पादन क्षमता विस्तार और गुणवत्तापूर्ण उत्पादों के माध्यम से सौर ऊर्जा क्षेत्र में अपनी मजबूत उपस्थिति बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है।”

मुख्य अतिथि ऊर्जा मंत्री श्री हीरालाल नागर ने कहा, “राजस्थान देश में सौर ऊर्जा के क्षेत्र में तेजी से अग्रणी बन रहा है और यहां सोलर मैन्युफैक्चरिंग को बढ़ावा देने के लिए राज्य में अनुकूल औद्योगिक वातावरण विकसित किया जा रहा है। इंसोलेशन एनर्जी लिमिटेड जैसी कंपनियां राजस्थान को सोलर मैन्युफैक्चरिंग हब के रूप में स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। कंपनी का बीएसई और एनएसई के मेनबोर्ड पर सूचीबद्ध होना राज्य के औद्योगिक विकास और स्वच्छ ऊर्जा के विस्तार के लिए एक सकारात्मक संकेत है।”

विशिष्ट अतिथि पूर्व सांसद श्री रामचरण बोहरा ने कहा, “जयपुर की एक कंपनी का राष्ट्रीय स्तर पर इस तरह आगे बढ़ना पूरे प्रदेश के लिए गर्व का विषय है। इंसोलेशन एनर्जी लिमिटेड ने सौर ऊर्जा क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किया है और आने वाले समय में देश की ऊर्जा आत्मनिर्भरता में महत्वपूर्ण योगदान देता रहेगा।”

इस अवसर पर डॉ. श्याम अग्रवाल (प्रदेश कोषाध्यक्ष, भाजपा), अमित गोयल (जयपुर जिला अध्यक्ष, भाजपा) तथा राजेश गुर्जर (जयपुर ग्रामीण जिला अध्यक्ष, भाजपा) भी उपस्थित रहे। इसके साथ ही CII, FICCI, FORTI, EAR और राजस्थान चैंबर ऑफ कॉमर्स सहित विभिन्न उद्योग संगठनों के प्रतिनिधि भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Must Read