Homeगुजरातमीशो और यूट्यूब शॉपिंग ने की साझेदारी

मीशो और यूट्यूब शॉपिंग ने की साझेदारी

अहमदाबाद, गुजरात | 17 नवंबर 2026 | मीशो ने यूट्यूब शॉपिंग के साथ साझेदारी की घोषणा की है। इसका उद्देश्य देशभर के कंटेंट क्रिएटर्स को कमाई के नए अवसर देना है। इस साझेदारी के तहत योग्य यूट्यूब क्रिएटर्स अपने वीडियो, शॉर्ट्स और लाइव स्ट्रीम में सीधे मीशो के प्रोडक्ट्स को टैग कर सकेंगे। यूट्यूब की तय शर्तों को पूरा करने वाले ऐसे क्रिएटर्स भी इस प्रोग्राम से जुड़ सकेंगे, जिनके कम से कम 500 सब्सक्राइबर्स हैं। क्रिएटर्स के वीडियो के जरिए प्रोडक्ट्स की खरीदारी होने पर उन्हें कमीशन मिलेगा। इससे वे अपने दर्शकों को प्रोडक्ट्स की जानकारी देने के साथ-साथ कमाई भी कर सकेंगे।

इस साझेदारी पर मीशो की जनरल मैनेजर, कंटेंट कॉमर्स, निकिता दावड़ा ने कहा, “यूट्यूब शॉपिंग के साथ यह साझेदारी कंटेंट क्रिएटर्स के लिए एक बड़ा अवसर है। इससे यूट्यूब की व्यापक पहुंच और मीशो पर किफायती कीमतों में उपलब्ध प्रोडक्ट्स एक साथ आएंगे। क्रिएटर्स को अपनी पहुंच बढ़ाने और उसके जरिए कमाई करने के ज्यादा मौके मिलेंगे। साथ ही, मीशो के विक्रेता भी नए ग्राहकों तक पहुंच सकेंगे और ग्राहकों के लिए प्रोडक्ट्स खोजना और खरीदना और आसान होगा। हमें विश्वास है कि यह साझेदारी भारत में कंटेंट के जरिए होने वाली खरीदारी को और बढ़ावा देगी।”

यूट्यूब इंडिया की मैनेजिंग डायरेक्टर, गुंजन सोनी ने कहा, “यूट्यूब का उद्देश्य देशभर के कंटेंट क्रिएटर्स के लिए ऐसा शॉपिंग प्लेटफॉर्म तैयार करना है, जहां सभी को कमाई के समान अवसर मिल सकें। मीशो के साथ हमारी साझेदारी इस दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इसके जरिए क्षेत्रीय भाषाओं में कंटेंट बनाने वाले और कम फॉलोअर्स वाले छोटे क्रिएटर्स को भी किफायती कीमतों वाले लाखों प्रोडक्ट्स से जुड़ने का मौका मिलेगा। इससे क्रिएटर्स अपने शौक और हुनर को कमाई का जरिया बना सकेंगे। साथ ही, छोटे शहरों के क्रिएटर्स को आगे बढ़ने के नए अवसर मिलेंगे और लाखों दर्शकों के लिए अपनी पसंद और भरोसे के प्रोडक्ट्स खोजना और खरीदना आसान होगा।”

लाखों प्रोडक्ट्स को प्रमोट कर सकेंगे कंटेंट क्रिएटर्स : इस साझेदारी के जरिए कंटेंट क्रिएटर्स को मीशो पर 40 कैटेगरी में उपलब्ध 3 करोड़ से अधिक प्रोडक्ट्स को प्रमोट करने का मौका मिलेगा। ये प्रोडक्ट्स 2 लाख से ज्यादा विक्रेताओं द्वारा उपलब्ध कराए जाते हैं। फैशन, ब्यूटी, घर की सजावट और रसोई के सामान जैसे कई प्रोडक्ट्स को क्रिएटर्स अपने रिव्यू वीडियो, स्टाइलिंग वीडियो, शॉपिंग वीडियो और लाइव स्ट्रीम में दिखा सकेंगे। इससे दर्शकों को अपनी पसंद के प्रोडक्ट्स के बारे में जानकारी मिलेगी और वे कुछ ही क्लिक में मीशो से खरीदारी भी कर सकेंगे।

कंटेंट क्रिएटर्स के लिए कमाई के नए रास्ते : यूट्यूब पर किसी प्रोडक्ट से जुड़े वीडियो को लोग अपलोड होने के लंबे समय बाद भी सर्च करके देख सकते हैं। ऐसे में क्रिएटर्स को अपने पुराने वीडियो के जरिए भी कमीशन कमाने का मौका मिल सकता है। इस साझेदारी से मीशो क्रिएटर क्लब के मौजूदा सदस्यों को भी यूट्यूब पर अपने प्रोडक्ट्स प्रमोट करने और नए दर्शकों तक पहुंचने का अवसर मिलेगा। वे अलग-अलग तरह के वीडियो बनाकर ज्यादा लोगों से जुड़ सकेंगे और अपनी कमाई बढ़ा सकेंगे।

छोटे शहरों के कंटेंट क्रिएटर्स को मिलेगा आगे बढ़ने का मौका : मीशो क्रिएटर क्लब से जुड़े 81प्रतिशत क्रिएटर्स महानगरों के बजाय छोटे और मध्यम शहरों से आते हैं। वहीं, इसके करीब 90प्रतिशत सक्रिय क्रिएटर्स नैनो क्रिएटर्स हैं, यानी ऐसे क्रिएटर्स जिनके फॉलोअर्स की संख्या कम है। ये आंकड़े दिखाते हैं कि देश के छोटे शहरों में भी कंटेंट क्रिएटर्स तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। यूट्यूब शॉपिंग के साथ यह साझेदारी ऐसे क्रिएटर्स को अपने दर्शकों से जुड़ने और प्रोडक्ट्स प्रमोट करके कमाई करने का एक और मौका देगी। खासतौर पर क्षेत्रीय भाषाओं में वीडियो बनाने वाले क्रिएटर्स इसका फायदा उठा सकेंगे।

आने वाले महीनों में मीशो का लक्ष्य 2 लाख से अधिक कंटेंट क्रिएटर्स को यूट्यूब शॉपिंग से जोड़ना है। कंपनी अपने प्रोडक्ट्स की संख्या बढ़ाने के साथ-साथ क्षेत्रीय भाषाओं में कंटेंट बनाने वाले क्रिएटर्स को भी अधिक सहयोग देने की योजना बना रही है। यह पहल मीशो के उस उद्देश्य का हिस्सा है, जिसके तहत कंपनी देशभर के ज्यादा से ज्यादा लोगों को ऑनलाइन व्यापार से जोड़ना और डिजिटल माध्यमों से कमाई के अवसर उपलब्ध कराना चाहती है।

== समाप्त ==

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Must Read