Homeगुजरातअपने पैरों चलेंगे दिव्यांग भाई- बहन: अहमदाबाद में 3 अगस्त को नारायण...

अपने पैरों चलेंगे दिव्यांग भाई- बहन: अहमदाबाद में 3 अगस्त को नारायण सेवा संस्थान का निःशुल्क नारायण लिम्ब माप शिविर

अहमदाबाद | 30 जुलाई 2025: दिव्यांगों की सेवा में समर्पित राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त नारायण सेवा संस्थान और इंगरसोलरैंड के संयुक्त तत्वावधान में रविवार, 3 अगस्त को अहमदाबाद में विशाल निःशुल्क नारायण लिम्ब एवं कैलिपर्स माप शिविर का आयोजन किया जा रहा है। शिविर का उद्घाटन सुबह 11 बजे श्री कच्छ कड़वा पटेल सनातन समाज भवन (नेशनल हैंडलूम के पास, नरोडा रोड) में होगा। यह शिविर प्रातः 8 बजे से सांय6 बजे तक चलेगा।

संस्थान के मीडिया एवं जनसंपर्क निदेशक भगवान प्रसाद गौड़ ने बताया कि शिविर का उद्देश्य दिव्यांगजनों को सहारा देना है। जिन्होंने हादसों या बीमारियों के चलते अपने हाथ-पैर खो दिए हैं। पद्मश्री अलंकृत संस्थापक कैलाश ‘मानव’ जी की प्रेरणा से संस्थान विगत 40 वर्षों से मानवता की सेवा में निरंतर कार्यरत है। इस शिविर में संस्थान की विशेषज्ञ ऑर्थोटिस्ट और प्रॉस्थेटिक डॉक्टरों की टीम दिव्यांगजनों का परीक्षण कर उच्च गुणवत्ता, हल्के और टिकाऊ नारायण लिम्ब्स के लिए माप लेगी। माप लिए गए कृत्रिम अंग लगभग दो माह बाद विशेष शिविर में निःशुल्क वितरित किए जाएंगे।

इसके अतिरिक्त चयनित दिव्यांगजनों को संस्थान की उदयपुर स्थित अत्याधुनिक हॉस्पिटल में निःशुल्क ऑपरेशन का अवसर भी मिलेगा। आश्रम प्रभारी कैलाश चौधरी ने बताया कि शिविर में आने वाले दिव्यांग और उनके परिजनों के लिए निःशुल्क भोजन और अल्पाहार की व्यवस्था रहेगी। शिविर में अहमदाबाद के जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों और गणमान्य नागरिकों को आमंत्रित किया गया है।

अधिकतम लाभ लेने की अपील-

निदेशक गौड़ ने दिव्यांगजनों से अपील करते हुए कहा कि शिविर में भाग लेने के इच्छुक लोग अपना आधार कार्ड, दिव्यांगता प्रमाण पत्र और दो फोटो लेकर आए। विस्तृत जानकारी के लिए संस्थान हेल्पलाइन70235-09999 पर संपर्क किया जा सकता है।

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान निदेशक भगवान प्रसाद गौड़,आश्रम प्रभारी कैलाश चौधरी, फील्ड प्रभारी हितेश भट्ट ने इस शिविर का पोस्टर जारी किया।

नारायण सेवा संस्थान अब तक 40,000 से अधिक कृत्रिम अंग प्रदान कर चुका है। हाल ही में संस्थान ने सूरत में शिविर आयोजित किया और आगामी समय में पूरे गुजरात में ऐसे शिविर लगाता रहेगा।

1985 में स्थापित इस संस्थान को दिव्यांग सेवा के लिए राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया गया है। संस्थापक कैलाश ‘मानव’ को पद्मश्री से और अध्यक्ष प्रशांत अग्रवाल को राष्ट्रपति पुरस्कार से अलंकृत किया जा चुका है। हाल ही में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने 30 मई को दिल्ली में मानव जी को सामुदायिक सेवा एवं सामाजिक उत्थान श्रेणी में सम्मानित किया।

संस्थान की सेवा यात्रा दिव्यांगजनों को मानसिक, शारीरिक और आर्थिक रूप से सशक्त बनाकर उन्हें समाज की मुख्यधारा में जोड़ने की दिशा में लगातार आगे बढ़ रही हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Must Read