Homeगुजरातआईआईएम अहमदाबाद ने लॉन्च किया भारत का पहला ब्लेंडेड एमबीए प्रोग्राम

आईआईएम अहमदाबाद ने लॉन्च किया भारत का पहला ब्लेंडेड एमबीए प्रोग्राम

बिजनेस एनालिटिक्स और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस में दो वर्ष का विशेष कोर्स

ग्रेजुएट्स को मिलेगा आईआईएम अहमदाबाद का वैश्विक एलुमनी नेटवर्क; प्रोग्राम देगा सभी सेक्टर्स के प्रोफेशनल्स क्रॉस-फंक्शनल स्किल्स

गुजरात, अहमदाबाद | 10 नवंबर 2025 — भारतीय प्रबंधन संस्थान अहमदाबाद ( आईआईएम अहमदाबाद), देश का अग्रणी प्रबंधन संस्थान, ने अपने कैंपस में आयोजित एक समारोह के दौरान बिजनेस एनालिटिक्स और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस में दो वर्ष का ब्लेंडेड एमबीए प्रोग्राम लॉन्च किया। यह भारत का पहला डिग्री-आधारित कार्यक्रम है, जिसे विशेष रूप से उन पेशेवरों और उद्यमियों के लिए तैयार किया गया है जो नेतृत्व, रणनीति और प्रबंधन कौशल के साथ एडवांस्ड डेटा एनालिटिक्स और एआई क्षमताओं को एकीकृत करना चाहते हैं।

यह पहल दर्शाती है कि आईआईएम अहमदाबाद लगातार ऐसे भविष्य-उन्मुख प्रबंधन कार्यक्रम तैयार करता है जो वैश्विक मानकों पर खरे उतरते हैं और उद्योग की बदलती आवश्यकताओं के अनुरूप हैं।

इस अवसर पर आईआईएम अहमदाबाद के निदेशक प्रो. भारत भास्कर, डीन (प्रोग्राम्स) प्रो. दिप्तेश घोष, और ब्लेंडेड एमबीए: बिजनेस एनालिटिक्स एंड एआई के चेयरपर्सन प्रो. अनिंद्य चक्रबर्ती उपस्थित थे। इस दौरान कार्यक्रम के अत्याधुनिक पाठ्यक्रम का विस्तृत परिचय और प्रवेश प्रक्रिया की घोषणा की गई।

संस्थान के अधिकारियों ने बताया कि आज ऐसे प्रबंधन पेशेवरों की मांग तेजी से बढ़ रही है जो नेतृत्व और रणनीतिक दृष्टि को डेटा एनालिटिक्स और एआई फ्रेमवर्क्स के साथ जोड़कर व्यवसायिक स्तर पर ठोस परिणाम दे सकें।

जैसे-जैसे उद्योग और बाजार डेटा-आधारित निर्णयों तथा एआई-संचालित प्रक्रियाओं की ओर बढ़ रहे हैं, पेशेवरों को ऐसी दक्षताओं की आवश्यकता है जो उन्हें स्मार्ट, उत्पादक और प्रतिस्पर्धी संगठन बनाने में सक्षम बनाएं। भारत का डेटा और एआई इकोसिस्टम भी इसी तेज़ी से बढ़ रहा है। अनुमान के अनुसार, देश का डेटा एनालिटिक्स बाजार वर्ष 2030 तक 21.3 बिलियन अमेरिकी डॉलर तक पहुँच सकता है, और 2025 से 2030 के बीच इसकी वार्षिक वृद्धि दर (CAGR) 35.8% रहने का अनुमान है।

2024 की बीसीजी–नैसकॉम रिपोर्ट भी भारत की एआई प्रतिभा में अग्रणी स्थिति को दर्शाती है। रिपोर्ट के अनुसार, भारत एआई कौशल के मामले में दुनिया में पहले स्थान पर है, और 2026 तक एआईतैयार पेशेवरों की मांग एक मिलियन से अधिक होने की संभावना है। यह तेज़ी डेटा उत्पादन में व्यापक वृद्धि और एआई/एमएल (AI/ML) के बढ़ते उपयोग से प्रेरित है, जो आज बड़े डेटा प्लेटफॉर्म्स, टूल्स और एप्लिकेशन्स का अभिन्न हिस्सा बन चुके हैं। इन्हीं अवसरों को ध्यान में रखते हुए, आईआईएम अहमदाबाद का यह नया प्रोग्राम मार्केटिंग, फाइनेंस, ऑपरेशन्स, सप्लाई चेन, लॉजिस्टिक्स, लीगल, आईटी और एचआर जैसे डेटा-प्रधान क्षेत्रों में कार्यरत पेशेवरों को अपस्किल करने के उद्देश्य से तैयार किया गया है।

आईआईएम अहमदाबाद के निदेशक प्रो. भारत भास्कर ने कहा, “एनालिटिक्स और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस अब केवल सहायक उपकरण नहीं, बल्कि आधुनिक संगठनों की प्रतिस्पर्धा, नवाचार और मूल्य सृजन की आधारशिला बन चुके हैं। इस नई वास्तविकता ने ऐसे पेशेवरों की आवश्यकता बढ़ा दी है जो प्रबंधन विशेषज्ञता और तकनीकी एनालिटिकल दक्षता के बीच सेतु बन सकें।
आईआईएम अहमदाबाद का यह पहला ब्लेंडेड एमबीए प्रोग्राम महत्वाकांक्षी मैनेजर्स और उद्यमियों को उच्च-स्तरीय कौशल सीखने, एआई-सक्षम बिजनेस मॉडल्स को समझने और डिजिटल परिवर्तन को जिम्मेदारीपूर्वक आगे बढ़ाने का अवसर प्रदान करेगा। यह प्रोग्राम विभिन्न उद्योग क्षेत्रों में नवाचार, प्रतिस्पर्धा और जिम्मेदार एआई-आधारित परिवर्तन को दिशा देने में अहम भूमिका निभाएगा।”

आईआईएम अहमदाबाद के डीन (प्रोग्राम्स), प्रो. दीप्‍तेश घोष ने कहा, “आईआईएम अहमदाबाद में हम ऐसे कार्यक्रम तैयार करते हैं जो वास्तविक और समकालीन चुनौतियों से निपटने में सक्षम बनाएं तथा बदलते व्यवसायिक परिवेश के अनुरूप हों। यह ब्लेंडेड एमबीए कोर्स ऐसे लीडर्स तैयार करता है जो डेटा, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और सशक्त प्रबंधन निर्णय क्षमता के साथ क्रॉस-फंक्शनल समस्याओं का समाधान कर सकें। छात्र बहु-विषयक दृष्टिकोण विकसित करते हैं, विश्लेषण को व्यावहारिक परिणामों में बदलना सीखते हैं और तकनीकी रूप से उन्नत परिवेश में आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ते हैं। हमारा उद्देश्य एक ऐसा कार्यबल तैयार करना है जो विश्लेषणात्मक रूप से मजबूत और रणनीतिक रूप से सक्षम हो।”

ब्लेंडेड एमबीए: बिजनेस एनालिटिक्स एंड एआई के चेयरपर्सन प्रो. अनिंद्य चक्रबर्ती ने प्रोग्राम की संरचना पर प्रकाश डालते हुए कहा, “यह दो वर्षीय ब्लेंडेड एमबीए प्रोग्राम आईआईएम अहमदाबाद के सामान्य प्रबंधन की कठोरता को एनालिटिक्स और एआई की तकनीकी गहराई के साथ जोड़ता है। हम छात्रों को सिखाते हैं कि वे समस्याओं को डेटा-आधारित दृष्टिकोण से समझें, उन्नत टूल्स का उपयोग करें और विभिन्न सेक्टर्स में जिम्मेदार एआई को लागू करें। प्रतिभागी सीखते हैं कि विश्लेषण को बेहतर निर्णयों में कैसे बदलें और व्यापार समाधान को प्रभावशाली ढंग से डिजाइन व लागू करें।”

यह प्रोग्राम ब्लेंडेड मोड में संचालित किया जाएगा, जिसमें लाइव “डायरेक्ट-टू-डिवाइस” सत्रों के साथ-साथ आईआईएम अहमदाबाद में तीन ऑन-कैंपस मॉड्यूल्स भी शामिल होंगे। इसे वैश्विक स्तर पर प्रतिष्ठित फैकल्टी और सशक्त सहपाठी संवाद के साथ तैयार किया गया है। दो वर्ष का यह प्रोग्राम तीन-टर्म संरचना पर आधारित होगा और इसमें बिजनेस मैनेजमेंट, एनालिटिक्स और एआई को जोड़ते हुए केस-स्टडी, कैपस्टोन प्रोजेक्ट्स और एक्शन-लर्निंग प्रोजेक्ट्स शामिल हैं।

छात्र 20 से अधिक इलेक्टिव्स में से चयन कर सकते हैं, जिनमें शामिल हैं, प्रेडिक्टिव और प्रिस्क्रिप्टिव एनालिटिक्स, प्रोडक्ट मैनेजमेंट, फाइनेंस और रिस्क मैनेजमेंट, ह्यूमन–एआई कोलैबोरेशन एवं चेंज मैनेजमेंट, एआई एथिक्स, पॉलिसी एवं रेगुलेशन, सप्लाई चेन डिजिटाइजेशन, जेनरेटिव एआई और एजेंटिक एआई आदि।

आईआईएम अहमदाबाद की प्रसिद्ध केस मेथड प्रणाली के माध्यम से वास्तविक दुनिया की रणनीतिक, परिचालन और गवर्नेंस चुनौतियों को वर्चुअल कक्षा में लाया जाएगा, ताकि छात्र इन तकनीकों को व्यावसायिक परिदृश्यों में व्यवहारिक रूप से लागू करना सीख सकें।

छात्रों को पूरे प्रोग्राम के दौरान आईआईएम अहमदाबाद के विश्व-स्तरीय लर्निंग इंफ्रास्ट्रक्चर का रिमोट एक्सेस मिलेगा, जिसमें विक्रम साराभाई लाइब्रेरी, एडवांस्ड कंप्यूटिंग सुविधाएँ और विस्तृत डेटाबेस नेटवर्क शामिल हैं।

पहले वर्ष के बाद लचीला एग्जिट विकल्प भी उपलब्ध है; इस स्थिति में छात्रों को पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा प्रदान किया जाएगा। सफल प्रतिभागी आईआईएम अहमदाबाद के वैश्विक एलुमनी नेटवर्क से जुड़ सकेंगे, जो उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान और अवसरों तक पहुँच प्रदान करेगा।

आवेदक के पास किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से किसी भी विषय में बैचलर डिग्री / सीए / सीएस / आईसीडब्ल्यूए / सीएमए या समकक्ष योग्यता होनी चाहिए, जिसमें न्यूनतम 50% अंक या समकक्ष सीजीपीए आवश्यक है।

++++++++++

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Must Read