
मुंबई | 27 अगस्त 2026 | तटीय जहाजरानी को पर्यावरण के अनुकूल, किफायती और कम ईंधन खर्च वाला परिवहन बनाने की भारत सरकार की नीति के अनुरूप, पारादीप पोर्ट अथॉरिटी ने एएम/एनएस इंडिया की एसपीवी, एएमएनएस पारादीप लॉजिस्टिक्स प्राइवेट लिमिटेड को कंसेशन अवॉर्ड प्रदान किया है, जिसके तहत कंपनी कैप्टिव आधार पर ड्राई बल्क कार्गो के प्रबंधन के लिए 10 MTPA क्षमता वाले CQ III घाट को आधुनिक (मशीनीकृत) बनाएगी। ओडिशा के पारादीप में बने बीजू कन्वेंशन में 21 अगस्त, 2026 को आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में यह अवॉर्ड भारत सरकार के केंद्रीय पत्तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्री श्री सर्बानंद सोनोवाल ने एएम/एनएस इंडिया के कॉर्पोरेट अफेयर्स चीफ श्री दीपक अरोड़ा को सौंपा।
30 वर्षों के लिए प्रदान किया गया यह कंसेशन कार्गो की निर्बाध आवाजाही सुनिश्चित करेगा, एएम/एनएस इंडिया की परिचालन कुशलता को बढ़ाने के साथ-साथ पर्यावरण स्थिरता के प्रति कंपनी की प्रतिबद्धता को और मजबूत करेगा। यह अरेंजमेंट एएमएनएस पारादीप लॉजिस्टिक्स को एक पूरी तरह से स्वचालित (मशीनीकृत) कन्वेयर सिस्टम के माध्यम से लोह अयस्क छर्रों की शिपमेंट को संभालने में सक्षम बनाएगा, जो एएम/एनएस इंडिया के पैलेट प्लांट कॉम्प्लेक्स से सीधे पारादीप पोर्ट अथॉरिटी स्थित घाट से जुड़ा हुआ है। एएम/एनएस इंडिया द्वारा पारादीप से हजीरा तक लोह अयस्क छर्रों का तटीय परिवहन पर्यावरण के अनुकूल एक स्थापित परिवहन माध्यम है। सीक्यू III घाट का यह कैप्टिव उपयोग न केवल एएम/एनएस इंडिया के दीर्घकालिक विकास में मदद करेगा, बल्कि कंपनी की मजबूत और पर्यावरण-अनुकूल आपूर्ति श्रृंखला की एक महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में भी काम करेगा।
यह अवॉर्ड लॉजिस्टिक्स क्षमताओं को मजबूत करने और बंदरगाह के कार्यों को आधुनिक बनाने की एएम/एनएस इंडिया की यात्रा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है। यह पारादीप को एक वैश्विक समुद्री प्रवेश द्वार बनाने में परिचालन उत्कृष्टता, नवाचार और साझेदारी के प्रति एएम/एनएस इंडिया की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
इस अवसर पर ओडिशा सरकार के उद्योग, कौशल विकास और तकनीकी शिक्षा विभाग के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री संपद चंद्र स्वाईं; जगतसिंहपुर के सांसद श्री बिभू प्रसाद तरै; पारादीप पोर्ट अथॉरिटी के अध्यक्ष श्री पी. एल. हरनाध (IRTS); पारादीप पोर्ट अथॉरिटी के उपाध्यक्ष श्री टी. वेणु गोपाल; एएम/एनएस इंडिया के ओडिशा ऑपरेशंस के प्रमुख श्री यू.एस.आर. राजू सहित पीपीए के वरिष्ठ अधिकारी और पारादीप के कॉर्पोरेट जगत के अन्य नेता उपस्थित थे।
== समाप्त ==

