Homeगुजरातपूरे शहर में फिटनेस इवेंट्स और गतिविधियों के कैलेंडर के साथ दुबई...

पूरे शहर में फिटनेस इवेंट्स और गतिविधियों के कैलेंडर के साथ दुबई फिटनेस चैलेंज का 10वां संस्करण

चार प्रमुख जन-भागीदारी इवेंट्स और तीन निःशुल्क 30-दिवसीय फिटनेस विलेज को एक साथ लाते हुए, डीएफसी 2026 दुबई को शारीरिक सक्रियता के शहरव्यापी उत्सव में बदल देगा, जिसमें हर उम्र और क्षमता के लोगों के लिए कुछ न कुछ होगा।

31 अक्टूबर से 29 नवंबर तक आयोजित होने वाला यह ऐतिहासिक 10वां संस्करण, पूरे शहर में निःशुल्क और सभी के लिए सुलभ फिटनेस अनुभवों के व्यापक कार्यक्रम के साथ 30×30 के एक दशक का जश्न मनाएगा।

भारत | 03 नवंबर 2026 | दुबई के क्राउन प्रिंस, यूएई के उप प्रधानमंत्री एवं रक्षा मंत्री तथा दुबई की कार्यकारी परिषद के अध्यक्ष महामहिम शेख हमदान बिन मोहम्मद बिन राशिद अल मकतूम की पहल, दुबई फिटनेस चैलेंज (डीएफसी) का 10वां संस्करण 31 अक्टूबर 2026 को वापसी के साथ 30×30 के एक दशक का जश्न मनाने के लिए तैयार है। यह संस्करण दुनिया के सबसे सक्रिय शहरों में से एक बनने की दिशा में दुबई की यात्रा को आगे बढ़ाएगा।

‘What’s Your 30×30?’ थीम के साथ, डीएफसी 2026 निवासियों और आगंतुकों को सक्रिय रहने का अपना तरीका खोजने और 30 दिनों तक प्रतिदिन 30 मिनट शारीरिक गतिविधि करने का संकल्प लेने के लिए आमंत्रित कर रहा है। इसके साथ ही दुबई फिटनेस, स्वास्थ्य-कल्याण और सामुदायिक एकजुटता के एक जीवंत शहरव्यापी उत्सव में बदल रहा है।

दुबई स्पोर्ट्स काउंसिल के महासचिव महामहिम सईद हारेब ने कहा: “दुबई फिटनेस चैलेंज के ऐतिहासिक 10वें संस्करण के अवसर पर हमें महामहिम शेख हमदान बिन मोहम्मद बिन राशिद अल मकतूम के उस विज़न की याद आती है, जिसके तहत उन्होंने हर व्यक्ति को 30 दिनों तक प्रतिदिन 30 मिनट शारीरिक गतिविधि के लिए समर्पित करने को प्रोत्साहित करने हेतु इस पहल की शुरुआत की थी। एक दशक बाद, यह चैलेंज एक वार्षिक फिटनेस पहल से कहीं बढ़कर बन चुका है। इसने सक्रिय जीवनशैली की संस्कृति स्थापित करने में मदद की है, समुदायों को एक साथ जोड़ा है और खेल व शारीरिक गतिविधि को दुबई के जीवन का अभिन्न अंग बना दिया है।”

“इस वर्ष की ‘What’s Your 30×30?’ थीम हर किसी को सक्रिय रहने का अपना तरीका खोजने और फिटनेस को अपनी रोज़मर्रा की ज़िंदगी का हिस्सा बनाने के लिए प्रोत्साहित करती है। प्रमुख इवेंट्स, फिटनेस विलेज और सामुदायिक गतिविधियों के माध्यम से हम हर उम्र और क्षमता के लोगों के लिए भागीदारी के अवसर तैयार कर रहे हैं, जिससे दुनिया के सबसे सक्रिय शहरों में से एक बनने की दुबई की महत्वाकांक्षा को बल मिल रहा है।”

नवोन्मेषी कार्यक्रम

दुबई फेस्टिवल्स एंड रिटेल एस्टैब्लिशमेंट (डीएफआरई) के सीईओ अहमद अल खाजा ने कहा: “दुबई फिटनेस चैलेंज के 10वें संस्करण की इस महत्वपूर्ण उपलब्धि का जश्न मनाते हुए, इस वर्ष का इवेंट कैलेंडर दर्शाता है कि फिटनेस के ज़रिए हमारे शहर को एकजुट करने में यह पहल कितना लंबा सफ़र तय कर चुकी है। डीएफसी को खास बनाता है इसके पीछे का सामूहिक प्रयास, जिसमें सरकारी संस्थाएं, निजी क्षेत्र के भागीदार और समुदाय मिलकर पूरे शहर में फिटनेस को सुलभ बनाने के लिए काम करते हैं। अपने भागीदारों के निरंतर सहयोग और हमारे समुदाय के उत्साह के बल पर, हम ऐसे साझा अनुभव तैयार कर रहे हैं जो 30 दिनों के बाद भी स्वस्थ आदतों के लिए प्रेरित करते हैं। साथ ही, ये अनुभव यह भी दिखाते हैं कि जब पूरा शहर स्वास्थ्य और कल्याण के प्रति साझा प्रतिबद्धता के साथ एकजुट होता है, तो क्या कुछ हासिल किया जा सकता है।”

डीएफसी 2026 के दौरान पूरे शहर में होने वाले प्रमुख आकर्षण नीचे दिए गए हैं:

चार प्रमुख इवेंट्स

डीपी वर्ल्ड द्वारा प्रस्तुत दुबई राइड — 1 नवंबर

2025 में रिकॉर्ड 40,000 से अधिक साइकिल चालकों की मेज़बानी के बाद, डीपी वर्ल्ड द्वारा प्रस्तुत दुबई राइड डीएफसी के 10वें संस्करण के शुरुआती सप्ताहांत पर हज़ारों साइकिल चालकों को दुबई की सड़कों पर लाएगा। सुबह 6:15 बजे शुरू होने वाला यह इवेंट प्रतिभागियों को दो पहियों पर शहर को देखने का दुर्लभ अवसर देता है, जिसके लिए सुबह के समय शेख ज़ायद रोड और डाउनटाउन दुबई को ट्रैफ़िक-मुक्त साइक्लिंग रूट में बदल दिया जाएगा।

आरटीए द्वारा प्रस्तुत दुबई स्टैंड अप पैडल — 7 और 8 नवंबर

हत्ता डैम की मनोरम पृष्ठभूमि में आयोजित होने वाला, आरटीए द्वारा प्रस्तुत दुबई स्टैंड-अप पैडल 7 और 8 नवंबर 2026 को फिर लौट रहा है, जिसकी गतिविधियां सुबह 8:00 बजे से शुरू होंगी। यह इवेंट हर क्षमता के निवासियों और आगंतुकों को दो दिनों तक पानी पर आधारित फिटनेस और रोमांच का आनंद लेने के लिए आमंत्रित करता है।

दुबई रन — 22 नवंबर

2025 में 3,07,000 प्रतिभागियों की रिकॉर्ड-तोड़ भागीदारी के बाद, दुबई रन रविवार, 22 नवंबर 2026 को सुबह 6:30 बजे से फिर लौट रहा है, जब शेख ज़ायद रोड को ट्रैफ़िक-मुक्त रनिंग रूट में बदल दिया जाएगा। हर उम्र और क्षमता के धावकों को एक साथ लाने वाला यह इवेंट दुबई के प्रतिष्ठित लैंडमार्क्स को पैदल अनुभव करने का अनूठा अवसर देता है।

MHERO द्वारा प्रस्तुत दुबई योगा — 29 नवंबर

डीएफसी के 10वें संस्करण का समापन करते हुए, MHERO द्वारा प्रस्तुत दुबई योगा अपने दूसरे संस्करण के लिए रविवार, 29 नवंबर 2026 को एक रोमांचक नए स्थान और सूर्योदय अनुभव के साथ लौट रहा है। पहली बार यह इवेंट दुबई इंटरनेशनल फाइनेंशियल सेंटर (डीआईएफसी) के प्रतिष्ठित ‘द गेट’ के नीचे आयोजित होगा, जहां शानदार शहरी पृष्ठभूमि में हज़ारों निवासी और आगंतुक योग, विश्राम और स्वास्थ्य-कल्याण के साथ दिन का स्वागत करने के लिए एकत्र होंगे।

तीन निःशुल्क 30-दिवसीय फिटनेस विलेज

डीपी वर्ल्ड 30×30 फिटनेस विलेज काइट बीच (31 अक्टूबर – 29 नवंबर)

डीपी वर्ल्ड 30×30 फिटनेस विलेज काइट बीच समुद्र तट पर एक फिटनेस डेस्टिनेशन के रूप में फिर लौट रहा है, जहां हर उम्र, क्षमता और रुचि के लोगों के लिए विविध गतिविधियां उपलब्ध हैं। बीच सॉकर, बास्केटबॉल, क्रिकेट और वॉलीबॉल से लेकर पैडल, स्पिनिंग और योग तक, यह विलेज कुछ नया आज़माने, सक्रिय रहने और फिटनेस की स्थायी आदतें विकसित करने के अवसर प्रदान करता है।

दुबई म्युनिसिपैलिटी 30×30 फिटनेस विलेज ज़बील पार्क (31 अक्टूबर – 29 नवंबर)

ज़बील पार्क के गेट 2 पर स्थित दुबई म्युनिसिपैलिटी 30×30 फिटनेस विलेज, ज़बील पार्क पूरे डीएफसी के दौरान हर उम्र और क्षमता के लोगों के लिए गतिविधियों वाला एक फिटनेस डेस्टिनेशन है। रोज़ाना लाइव क्लासेस वाले मुख्य मंच, किड्स फिटनेस ज़ोन, स्पिनिंग ज़ोन और Box’d ज़ोन सहित विशेष एक्टिविटी ज़ोन, तथा क्रिकेट, पैडल और बास्केटबॉल के लिए बुक किए जा सकने वाले कोर्ट के साथ यह विलेज सक्रिय रहने के कई विकल्प देता है। आगंतुक यहां मौजूद फूड एंड बेवरेज (एफएंडबी) आउटलेट्स और हाइड्रेशन स्टेशनों का भी लाभ उठा सकते हैं।

दुबई म्युनिसिपैलिटी 30×30 फिटनेस विलेज अल वरक़ा पार्क (31 अक्टूबर – 29 नवंबर)

दुबई म्युनिसिपैलिटी 30×30 फिटनेस विलेज अल वरक़ा पार्क परिवारों और आउटडोर फिटनेस प्रेमियों को सक्रिय रहने के लिए एक समर्पित स्थान प्रदान करता है, जिसमें हरियाली से घिरा 2.8 किलोमीटर लंबा रनिंग और साइक्लिंग ट्रैक है। रोज़ाना फिटनेस क्लासेस, बच्चों के लिए विशेष गतिविधियों, केवल महिलाओं के लिए फिटनेस ज़ोन, बाइक रेंटल और एक रनिंग क्लब के साथ यह विलेज हर उम्र और क्षमता के लोगों की ज़रूरतों को पूरा करता है। आगंतुक पैडल, वॉलीबॉल, फुटबॉल और बास्केटबॉल के लिए बुक किए जा सकने वाले कोर्ट के साथ-साथ एफएंडबी आउटलेट्स और हाइड्रेशन स्टेशनों का भी आनंद ले सकते हैं। यह विलेज प्रतिदिन शाम 4:00 बजे से रात 11:00 बजे तक खुला रहता है।

चाहे हाई-इंटेंसिटी वर्कआउट हो, सुकून भरा योग सत्र हो, परिवार के साथ सैर हो या साइक्लिंग का रोमांच, सबसे ज़रूरी है निरंतरता बनाए रखना। अपने दसवें संस्करण के ज़रिए डीएफसी ऐसी स्थायी आदतों को बढ़ावा देना जारी रखे हुए है, जो चैलेंज के 30 दिनों के बाद भी बनी रहें।

== समाप्त ==

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Must Read