Homeगुजरातभारत में पहली बार ड्यूल-कंसोल तकनीक से बीटिंग-हार्ट रोबोटिक बाईपास सर्जरी संपन्न

भारत में पहली बार ड्यूल-कंसोल तकनीक से बीटिंग-हार्ट रोबोटिक बाईपास सर्जरी संपन्न

मेदांता, गुरुग्राम में SSI Mantra सर्जिकल रोबोटिक सिस्टम के जरिए हासिल हुई ऐतिहासिक उपलब्धि

नई दिल्ली | 18 नवंबर 2026 | भारत ने रोबोटिक हृदय सर्जरी के क्षेत्र में एक ऐतिहासिक वैश्विक उपलब्धि हासिल की है। गुरुग्राम स्थित मेदांता अस्पताल में स्वदेशी SSI Mantra सर्जिकल रोबोटिक सिस्टम की मदद से दुनिया की पहली ड्यूल-कंसोल, पांच रोबोटिक आर्म वाली बीटिंग-हार्ट टोटली एंडोस्कोपिक कोरोनरी आर्टरी बाईपास (TECAB) सर्जरी सफलतापूर्वक की गई। इस प्रक्रिया के दौरान मरीज का दिल लगातार धड़कता रहा और सर्जरी के लिए हार्ट-लंग मशीन का इस्तेमाल नहीं किया गया।

यह ऐतिहासिक सर्जरी मेदांता, गुरुग्राम के रोबोटिक एवं मिनिमली इनवेसिव कार्डियक सर्जन डॉ. नितिन कुमार राजपूत और मणिपाल हॉस्पिटल, जयपुर के चीफ कार्डियक सर्जन डॉ. ललित मलिक ने संयुक्त रूप से की। इस पूरी प्रक्रिया का पर्यवेक्षण रोबोटिक सर्जरी के क्षेत्र में अग्रणी माने जाने वाले डॉ. सुधीर पी. श्रीवास्तव, संस्थापक, चेयरमैन एवं सीईओ, SS Innovations International ने किया।

इस सर्जरी की सबसे बड़ी विशेषता SSI Mantra सिस्टम के दो अलग-अलग सर्जन कंसोल और पांच रोबोटिक आर्म का एक साथ इस्तेमाल रहा। इस ड्यूल-कंसोल व्यवस्था में दोनों सर्जन एक ही समय पर अलग-अलग कंसोल से रोबोटिक आर्म को नियंत्रित करते हुए आपसी तालमेल के साथ सर्जरी कर सके। इसके अलावा, हार्ट स्टेबिलाइजेशन सिस्टम की मदद से धड़कते हुए दिल के उस हिस्से को स्थिर रखा गया, जहां बाईपास प्रक्रिया की जानी थी।

TECAB यानी टोटली एंडोस्कोपिक कोरोनरी आर्टरी बाईपास हृदय की बाईपास सर्जरी का एक अत्यंत जटिल और उन्नत तरीका है। पारंपरिक बाईपास सर्जरी के विपरीत, इसमें छाती को खोलने के बजाय छोटे चीरों के माध्यम से सर्जरी की जाती है। इस तकनीक में सर्जन रोबोटिक सिस्टम की मदद से बेहद सूक्ष्म और सटीक गतिविधियां कर सकते हैं। वहीं, बीटिंग-हार्ट तकनीक के तहत मरीज का दिल सामान्य रूप से धड़कता रहता है और हार्ट-लंग मशीन की आवश्यकता नहीं पड़ती।

पांच रोबोटिक आर्म और ड्यूल-कंसोल तकनीक का संयोजन सर्जरी के दौरान दोनों सर्जनों के बीच बेहतर समन्वय, नियंत्रण और सटीकता को संभव बनाता है। यह व्यवस्था जटिल प्रक्रियाओं में दूसरे सर्जन की सक्रिय भागीदारी और व्यावहारिक प्रशिक्षण के नए अवसर भी उपलब्ध कराती है। ड्यूल-कंसोल तकनीक के माध्यम से दूसरा सर्जन वास्तविक सर्जिकल प्रक्रिया में भाग लेते हुए अनुभव और कौशल विकसित कर सकता है।

इस प्रक्रिया के बाद मरीज की 15 दिनों की रिकवरी प्रगति भी इस उपलब्धि का एक महत्वपूर्ण पहलू रही। यह अनुभव रोबोटिक और मिनिमली इनवेसिव हृदय सर्जरी के संभावित लाभों तथा मरीजों के उपचार अनुभव को बेहतर बनाने में उन्नत तकनीक की भूमिका को रेखांकित करता है।

डॉ. नरेश त्रेहन, चेयरमैन एवं मैनेजिंग डायरेक्टर, मेदांता ने कहा, “यह उपलब्धि नवाचार, सर्जिकल उत्कृष्टता और आधुनिक तकनीक के माध्यम से हृदय रोगों के उपचार को आगे बढ़ाने की मेदांता की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। इतनी जटिल बीटिंग-हार्ट TECAB सर्जरी का सफलतापूर्वक संपन्न होना इस बात का प्रमाण है कि रोबोटिक सर्जरी किस तरह मरीजों के लिए उन्नत हृदय उपचार को कम इनवेसिव बनाने में मदद कर सकती है। यह हमारी पूरी मेडिकल टीम के लिए गर्व का क्षण है और भारत में हृदय सर्जरी के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण कदम है।”

डॉ. सुधीर पी. श्रीवास्तव, संस्थापक, चेयरमैन एवं सीईओ, SS Innovations International, Inc. ने कहा, “’मेक इन इंडिया, फॉर द वर्ल्ड’ के हमारे विजन के अनुरूप यह ऐतिहासिक सर्जरी SSI Mantra सर्जिकल रोबोटिक सिस्टम की उन्नत क्षमताओं को प्रदर्शित करती है। बीटिंग-हार्ट TECAB जैसी जटिल प्रक्रिया में ड्यूल-कंसोल कंट्रोल और पांच रोबोटिक आर्म का सफल इस्तेमाल भारतीय सर्जिकल रोबोटिक्स के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। हमारा उद्देश्य विश्वस्तरीय रोबोटिक सर्जरी को अधिक सुलभ और किफायती बनाना है। यह उपलब्धि हमें उस लक्ष्य के और करीब ले जाती है।”

डॉ. नितिन कुमार राजपूत, रोबोटिक एवं मिनिमली इनवेसिव कार्डियक सर्जन, मेदांता, गुरुग्राम ने कहा, “पांच रोबोटिक आर्म और दो कंट्रोल कंसोल की मदद से इतनी जटिल बीटिंग-हार्ट बाईपास सर्जरी करना अत्यधिक सटीकता, समन्वय और दोनों सर्जनों के बीच बेहतर तालमेल की मांग करता है। इस तकनीक ने हमें पूरी प्रक्रिया के दौरान एक साथ और समन्वित तरीके से काम करने में सक्षम बनाया। सर्जरी के बाद मरीज की रिकवरी उत्साहजनक रही, जो हृदय उपचार में मिनिमली इनवेसिव तकनीकों की संभावनाओं को दर्शाती है।”

डॉ. ललित मलिक, चीफ कार्डियक सर्जन, मणिपाल हॉस्पिटल, जयपुर ने कहा, “यह प्रक्रिया रोबोटिक हृदय सर्जरी के विकास में एक महत्वपूर्ण कदम है। ड्यूल-कंसोल व्यवस्था ने दोनों सर्जनों को बेहतर समन्वय के साथ सर्जरी करने में सक्षम बनाया, जबकि पांच रोबोटिक आर्म की व्यवस्था ने इस जटिल प्रक्रिया की तकनीकी आवश्यकताओं को पूरा करने में मदद की। इस तरह की प्रगति भविष्य में मिनिमली इनवेसिव हृदय सर्जरी की संभावनाओं का विस्तार कर सकती है और मरीजों के उपचार अनुभव को बेहतर बनाने में योगदान दे सकती है।”

यह उपलब्धि उन्नत मेडिकल टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में भारत की बढ़ती क्षमताओं को भी दर्शाती है। SS Innovations द्वारा भारत में विकसित SSI Mantra सर्जिकल रोबोटिक सिस्टम ‘मेक इन इंडिया, फॉर द वर्ल्ड’ की सोच को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उदाहरण है। इस तकनीक के जरिए जटिल हृदय प्रक्रियाओं को अंजाम देना न केवल स्वदेशी नवाचार की क्षमता को प्रदर्शित करता है, बल्कि वैश्विक स्वास्थ्य सेवा क्षेत्र में भारतीय मेडिकल टेक्नोलॉजी की बढ़ती भूमिका को भी रेखांकित करता है।

== समाप्त ==

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Must Read