
वाराणसी 22 जून 2025: वाराणसी में आयोजित अपनी नौ दिवसीय ‘मानस सिंदूर’ रामकथा के अंतिम दिन प्रसिद्ध आध्यात्मिक गुरु और रामकथा वाचक मोरारी बापू ने अहमदाबाद विमान हादसे में दिवंगत हुए यात्रियों के परिवारों के प्रति संवेदना प्रकट करते हुए ₹51 लाख की सहायता राशि की घोषणा की।
यह राशि लंदन निवासी रमेश सचदेव की ओर से चित्रकूटधाम ट्रस्ट, तलगाजरडा के माध्यम से प्रदान की जाएगी। बापू ने यह राशि श्रद्धांजलि के रूप में उन परिवारों को समर्पित की है जिनके प्रियजनों ने इस दुखद दुर्घटना में अपनी जान गंवाई।
बापू ने बताया, “ रमेशभाई ने पीड़ितों के परिजनों के लिए 51 लाख रुपये समर्पित करने का उदारतापूर्वक निर्णय लिया।
हादसे में एक व्यक्ति की बचने की खबर पर बापू ने कहा, “मैंने पढ़ा कि एक आदमी विमान से कूदकर बच गया। जब एक सामान्य आदमी ऐसा कर सकता है, तो मेरा हनुमान क्या नहीं कर सकता?”
‘मानस सिंदूर’ कथा पहलगाम की बहनों को समर्पित
मोरारी बापू ने वाराणसी में संपन्न हुई नौ दिवसीय ‘मानस सिंदूर’ कथा को पहलगाम आतंकी हमले में जान गंवाने वाले लोगो के परिवारों को समर्पित किया। कथा के अंतिम दिन बापू ने कहा, “श्री हनुमानजी को विदा देने से पूर्व यह नवदिवसीय रामकथा ‘मानस सिंदूर’ अर्पण करता हूँ। किसको? पहलगाम में जिन बहन-बेटियों का सिंदूर छिन गया, उन बहन-बेटियों और उनके परिवारों को। भारत सरकार ने राष्ट्रव्यापी रूप से ऑपरेशन सिंदूर’ का प्रयोग किया, तो यह कथा मैं उस ‘ऑपरेशन सिंदूर’को भी अर्पित करता हूँ।”

