
- ‘12 वर्ष : विश्वास के, विकास के, जन-कल्याण के’ थीम के बीच वित्तीय वर्ष 2025-26 में 25 प्रतिशत वार्षिक वृद्धि दर्ज
अहमदाबाद, गुजरात | 24 जून 2026 | दीनदयाल पोर्ट अथॉरिटी (डीपीए), कंडला ने वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान एलपीजी हैंडलिंग के क्षेत्र में एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है, जिससे देश के प्रमुख ऊर्जा बंदरगाहों में उसकी स्थिति और अधिक मजबूत हुई है।
वित्तीय वर्ष में डीपीए ने सफलतापूर्वक 133 एलपीजी पोतों का संचालन करते हुए 2.61 मिलियन मीट्रिक टन (एमएमटी) एलपीजी कार्गो का थ्रूपुट दर्ज किया। यह उपलब्धि पिछले वित्तीय वर्ष की तुलना में 25 प्रतिशत की उल्लेखनीय वृद्धि को दर्शाती है।
यह सफलता डीपीए की बढ़ती परिचालन दक्षता, मजबूत बुनियादी ढांचा क्षमता और देश की बढ़ती ऊर्जा आवश्यकताओं को पूरा करने की उसकी प्रतिबद्धता का प्रमाण है। एलपीजी हैंडलिंग में लगातार हो रही वृद्धि पोर्ट प्रशासन, टर्मिनल ऑपरेटरों और अन्य हितधारकों के समन्वित प्रयासों का परिणाम है। यह उपलब्धि भारत सरकार के ऊर्जा सुरक्षा को सुदृढ़ करने और पोर्ट आधारित विकास को गति देने के विजन के अनुरूप है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले एक दशक के दौरान भारत ने समुद्री क्षेत्र में अभूतपूर्व विकास और परिवर्तन का अनुभव किया है। बंदरगाह, पोत परिवहन एवं जलमार्ग मंत्रालय द्वारा “12 वर्ष – विश्वास के, विकास के, जन-कल्याण के” थीम के अंतर्गत कंडला के प्रदर्शन की सराहना की गई है।
उल्लेखनीय है कि यह उपलब्धि राष्ट्रीय विकास, ऊर्जा सुरक्षा तथा जनकल्याण में बंदरगाह के महत्वपूर्ण योगदान को और अधिक स्पष्ट रूप से रेखांकित करती है। मजबूत समुद्री लॉजिस्टिक्स के माध्यम से देश की आर्थिक प्रगति में डीपीए की भूमिका लगातार सशक्त होती जा रही है।
== समाप्त ==

