Homeखेलइंडियन ऑयल यूटीटी सीज़न 6: स्नेहित ने क्वाड्री अरुणा को हराकर अहमदाबाद...

इंडियन ऑयल यूटीटी सीज़न 6: स्नेहित ने क्वाड्री अरुणा को हराकर अहमदाबाद एसजी पाइपर्स को कोलकाता थंडरब्लेड्स पर दिलाई रोमांचक जीत

 

सीज़न के सभी 23 मुक़ाबले स्टार स्पोर्ट्स खेल और स्टार स्पोर्ट्स 2 तमिल पर प्रसारित होंगे और जियोहॉटस्टार पर लाइव स्ट्रीम किए जाएंगे

अहमदाबाद 10 जून 2025: भारतीय टेबल टेनिस खिलाड़ी स्नेहित सुरवज्जुला ने इंडियन ऑयल अल्टीमेट टेबल टेनिस (यूटीटी) सीज़न 6 का सबसे बड़ा उलटफेर करते हुए विश्व रैंकिंग में 26वें स्थान पर मौजूद क्वाड्री अरुणा को सीधे गेमों में 3-0 से हराकर अहमदाबाद एसजी पाइपर्स को कोलकाता थंडरब्लेड्स पर 8-7 से रोमांचक जीत दिलाई।

इस सीज़न के सभी मुक़ाबले स्टार स्पोर्ट्स खेल और स्टार स्पोर्ट्स 2 तमिल पर लाइव प्रसारित हो रहे हैं, साथ ही जियोहॉटस्टार पर भी लाइव स्ट्रीम किए जा रहे हैं।

हालांकि अहमदाबाद ने यह मुक़ाबला जीत लिया, लेकिन उनकी प्लेऑफ़ में पहुंचने की उम्मीदें इस जीत के बावजूद खत्म हो गईं। दूसरी ओर, कोलकाता को अपनी किस्मत जानने के लिए अब सीज़न के अंतिम दो मुक़ाबलों तक का इंतज़ार करना होगा। इस परिणाम के साथ ही डेम्पो गोवा चैलेंजर्स और दबंग दिल्ली टीटीसी ने प्लेऑफ़ में जगह पक्की कर ली है।

टेबल टेनिस फेडरेशन ऑफ इंडिया (TTFI) के तत्वावधान में और नीरज बजाज तथा वीटा दानी द्वारा प्रमोट किए जा रहे इंडियनऑयल यूटीटी ने एक प्रतिष्ठित प्रोफेशनल लीग के रूप में अपनी जगह मजबूत की है। सीज़न के सभी 23 मुक़ाबले, जो 16 दिनों तक चलेंगे, अहमदाबाद के ईकेए एरीना में खेले जा रहे हैं। टिकट केवल BookMyShow पर उपलब्ध हैं।

मैच की शुरुआत से ही हाई ड्रामा

शाम की शुरुआत रोमांच से हुई जब जर्मन खिलाड़ी रिकार्डो वाल्टर ने कोलकाता के अंकुर भट्टाचार्य को सीज़न की पहली हार चखाई। अंकुर ने पहले गेम में 7-1 की बढ़त ली थी, लेकिन वाल्टर ने जबरदस्त वापसी करते हुए यह गेम 11-10 से जीत लिया। इसके बाद उन्होंने दूसरा गेम 11-5 से जीतकर मैच अपने नाम कर लिया। अंकुर ने आखिरी गेम जीतकर कोलकाता को मुकाबले में बनाए रखा।

महिला एकल में, आयहिका मुखर्जी ने प्यूर्टो रिको की दिग्गज खिलाड़ी एड्रियाना डियाज़ के खिलाफ पहला गेम जीत लिया, लेकिन डियाज़ ने अगला दोनों गेम बड़े अंतर से जीतकर मुकाबला 2-1 से अपने नाम किया। निर्णायक गेम में डियाज़ ने 11-1 से बाज़ी मारी। मिक्स्ड डबल्स में अंकुर और डियाज़ ने दबाव के क्षणों में संयम बरतते हुए वाल्टर और आयहिका को 2-1 से हराया।

स्नेहित का धमाका

अब तक सीज़न में जीत की तलाश कर रहे स्नेहित ने चौथे मैच में क्वाड्री अरुणा को 3-0 से हराकर जबरदस्त प्रदर्शन किया। उन्होंने पहले गेम में 9-10 और दूसरे गेम में 5-8 से पिछड़ने के बावजूद वापसी की और आक्रामक फोरहैंड शॉट्स के दम पर एकतरफा अंदाज़ में जीत दर्ज की। यह यूटीटी सीज़न 6 की सबसे बड़ी व्यक्तिगत जीतों में से एक रही।

अंतिम मैच में तमिलनाडु की यशिनी शिवशंकर और सेलिना सेल्वाकुमार आमने-सामने थीं, जो हाल ही में डब्ल्यूटीटी स्टार कंटेंडर चेन्नई सर्किट में डबल्स जोड़ीदार भी रही हैं। इस मुकाबले में सेलिना ने 2-1 से जीत दर्ज कर इस सीज़न की अपनी पहली जीत हासिल की।

स्नेहित को ‘भारतीय प्लेयर ऑफ द टाई’ और डियाज़ को ‘विदेशी प्लेयर ऑफ द टाई’ चुना गया, जबकि रिकार्डो वाल्टर को ‘शॉट ऑफ द टाई’ अवॉर्ड मिला।

अंतिम स्कोर
अहमदाबाद एसजी पाइपर्स 8-7 कोलकाता थंडरब्लेड्स

रिकार्डो वाल्टर ने अंकुर भट्टाचार्य को हराया 2-1 (11-10, 11-5, 10-11)

आयहिका मुखर्जी हारीं एड्रियाना डियाज़ से 1-2 (11-10, 8-11, 1-11)

वाल्टर/आयहिका हारे अंकुर/डियाज़ से 1-2 (10-11, 11-8, 7-11)

स्नेहित सुरवज्जुला ने क्वाड्री अरुणा को हराया 3-0 (11-10, 11-9, 11-8)

यशिनी शिवशंकर हारीं सेलिना सेल्वाकुमार से 1-2 (10-11, 11-4, 10-11)

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Must Read