
हंसलपुर | 26 मार्च 2026— मारुति सुज़ुकी इंडिया लिमिटेड (“मारुति सुज़ुकी”) ने अपने लॉजिस्टिक्स सेवा प्रदाताओं से जुड़े ट्रक ड्राइवरों में सड़क सुरक्षा और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से अपने प्रमुख कार्यक्रम ‘जागृति’ की शुरुआत की है। यह कार्यक्रम 23 से 28 मार्च 2026 के बीच आयोजित किया जा रहा है और मारुति सुज़ुकी के व्यापक सस्टेनेबल प्रयासों का हिस्सा है।
यह पांच दिवसीय कार्यक्रम मारुति सुज़ुकी के मानेसर (हरियाणा) स्थित फैसिलिटी में 23 मार्च से और हंसलपुर (गुजरात) स्थित फैसिलिटी में 24 मार्च से आयोजित किया जा रहा है। इसमें तैयार वाहनों और स्पेयर पार्ट्स के परिवहन से जुड़े ड्राइवरों को शामिल किया जाएगा। ‘जागृति’ से लगभग 4,000 ट्रक ड्राइवर लाभांवित होंगे।
मारुति सुज़ुकी इंडिया लिमिटेड के CEO और मैनेजिंग डायरेक्टर, श्री हिसाशी ताकेउचि ने कहा, “अपने काम की प्रकृति के कारण ट्रक ड्राइवर लंबे समय तक सड़कों पर वाहन चलाते हैं और देशभर में यात्रा करते हैं। वे बड़े ट्रक और ट्रेलर चलाते हैं, जिनका सुरक्षित संचालन सड़क सुरक्षा पर सीधा असर डालता है। इसलिए, उन्हें नियमित रूप से प्रशिक्षित करना और सुरक्षित ड्राइविंग के तरीकों का लगातार पालन करने के महत्व पर ज़ोर डालना आवश्यक है।”
उन्होंने आगे कहा, “इस पांच दिवसीय कार्यक्रम के दौरान, हम सड़क सुरक्षा के प्रमुख पहलुओं पर विशेष सत्र आयोजित करेंगे। इनमें रक्षात्मक ड्राइविंग (defensive driving), तेज़ गति से गाड़ी चलाने के खतरे, सड़क पर सतर्कता बनाए रखने के लिए पर्याप्त नींद का महत्व, नशे में गाड़ी न चलाना, गंभीर चोटों से बचने में सीटबेल्ट के उपयोग की महत्वपूर्ण भूमिका, और गाड़ी खराब होने से बचने के लिए वाहनों का नियमित रखरखाव शामिल है। इसके अलावा, हम ड्राइवरों के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के लिए निवारक स्वास्थ्य जाँच और आँखों की जाँच की सुविधा भी दे रहे हैं; साथ ही चिकित्सा परामर्श, योग और ध्यान सत्र भी आयोजित कर रहे हैं।”

