सोनगढ़, तापी 13 मार्च 2025: प्रसिद्ध आध्यात्मिक गुरु और रामकथा वाचक मोरारी बापू ने तापी जिले के सोनगढ़ में चल रही अपनी कथा के दौरान धर्मांतरण पर गहरी चिंता व्यक्त की। बुधवार को कथा को संबोधित करते हुए उन्होंने सनातन धर्म के प्रति अडिग रहने का आह्वान किया और जबरन या भ्रामक तरीके से कराए जा रहे धर्मांतरण की निंदा की।
मोरारी बापू ने कहा, “हमने अन्य धर्मों के बारे में बहुत चर्चा की है, लेकिन हम अपने ही धर्म को क्यों भूलते जा रहे हैं? हमारी पहचान की आत्मा सनातन धर्म में निहित है, और इसके बिना सब कुछ अधूरा है।”
उन्होंने कुछ जगहों में हो रहे धर्मांतरण की खबरों का उल्लेख करते हुए इसे गलत प्रचार और विशेष रूप से बच्चों को भ्रमित करने वाले तरीकों की आलोचना की। राजस्थान के बांसवाड़ा का उदाहरण देते हुए मोरारी बापू ने बताया कि वहां पूरे गांव को धर्मांतरण के लिए प्रेरित किया जा रहा था।
उन्होंने कहा, “यीशु ने कभी ऐसा कार्य नहीं किया। वे तो निष्पाप और करुणामय व्यक्ति थे। लेकिन समय के साथ कुछ प्रथाएँ शुरू हुईं, जो भ्रामक प्रचार का कारण बनीं।”
उन्होंने उन घटनाओं का जिक्र किया जहां कथित रूप से बच्चों को धार्मिक प्रतीकों की तुलना करके उनकी आस्था को कमजोर करने का प्रयास किया गया, जिससे यह स्पष्ट होता है कि अपनी आध्यात्मिक जड़ों को मजबूत करने की आवश्यकता है।
मोरारी बापू ने एक ऐसे मामले का भी उल्लेख किया जिसमें एक समुदाय ने पुनः अपने सनातन धर्म को अपनाया, एक चर्च को मंदिर में परिवर्तित किया और एक पादरी के स्थान पर एक पुजारी को प्रतिष्ठित किया। हालांकि, उन्होंने यह स्पष्ट किया कि उनका उद्देश्य किसी भी प्रकार का विभाजन पैदा करना नहीं है, बल्कि हिंदू समुदाय को अपनी परंपराओं और आस्था को बनाए रखने के महत्व के प्रति जागरूक करना है।
उन्होंने कहा, “हम यहां किसी का विरोध करने या तोड़ने के लिए नहीं आए हैं। हम केवल वह जागृत करने आए हैं जिसे भुला दिया गया है। सच्ची सेवा जरूरतमंदों को ऊपर उठाने में निहित है, न कि आस्था के नाम पर विभाजन करने में।”
मोरारी बापू ने धार्मिक और सामाजिक दबाव की घटनाओं पर भी चिंता व्यक्त की और एक वीडियो का हवाला दिया जिसमें एक युवा हिंदू भक्त को एक मंदिर की रक्षा करने के कारण बुरी तरह से पीटा गया। उन्होंने उन महिलाओं की भी बात की जिन्होंने बताया कि अपनी आस्था बनाए रखने के लिए उन्हें अपने ही समाज में विरोध का सामना करना पड़ रहा है। मोरारी बापू ने इस तरह के मुद्दों को हल करने के लिए कानूनी और सामाजिक प्रयासों का आह्वान किया और स्थानीय नेताओं और प्रशासन की चुप्पी पर भी सवाल उठाया।
उन्होंने दोहराया कि उनका मंच विरोध का नहीं, बल्कि जागरण का है।
“सनातन धर्म सत्य, करुणा और सेवा के मूल्यों पर आधारित है। मेरा समुदाय से आग्रह है कि वे अपनी विरासत को पहचानें और अपनी आस्था की सेवा समर्पण भाव से करें, न कि बाहरी प्रभावों से भ्रमित हों।”
सोनगढ़ में चल रही रामकथा मोरारी बापू की 953वीं कथा है।देश और विदेश से से आए हजारों श्रद्धालु इसमें भाग ले रहे हैं।

