मुंबई 29 अप्रैल 2025: भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) के ध्यान में आया है कि ‘ओपिनियन ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म’ के नाम से जाने जाने वाले कुछ प्लेटफॉर्म अपने उपयोगकर्ताओं/प्रतिभागियों को ट्रेडिंग करने/व्यवस्था में प्रवेश करने के लिए एक प्लेटफॉर्म प्रदान करते हैं, जिसमें भुगतान अंतर्निहित घटना के होने या न होने के हां/नहीं प्रस्ताव के परिणाम पर निर्भर करता है। कुछ मामलों में, प्रतिभूति में ट्रेड से जुड़े शब्द जैसे प्रॉफिट, स्टॉप लॉस, ट्रेडिंग आदि जैसे शब्दों का उपयोग करने के कारण ओपिनियन ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म इन्वेस्टमेंट प्लेटफॉर्म जैसे दिखते है।
उपर्युक्त को देखते हुए, निवेशकों को यह ध्यान रखने की सलाह दी जाती है कि सामान्य तौर पर, ओपिनियन ट्रेडिंग सेबी के विनियामक दायरे में नहीं आती है, क्योंकि जो ट्रेड किया जाता है वह प्रतिभूति नहीं है। निवेशकों/प्रतिभागियों को पता होना चाहिए कि प्रतिभूति बाजार के दायरे में कोई निवेशक सुरक्षा तंत्र ऐसे निवेश/भागीदारी के लिए उपलब्ध नहीं होगा।
चूंकि ओपिनियन ट्रेडिंग प्रदान करने वाले किसी भी प्लेटफॉर्म को मान्यता प्राप्त स्टॉक एक्सचेंज होने का अधिकार नहीं है, और न ही वे सेबी द्वारा पंजीकृत या विनियमित हैं, इसलिए उन पर प्रतिभूतियों का कोई भी व्यापार अवैध है (यदि ट्रेड किए गए कुछ ओपिनियन, प्रतिभूति के रूप में योग्य हैं)। ऐसे प्लेटफॉर्म उस मामले में उल्लंघन के लिए कार्रवाई का सामना करने के लिए उत्तरदायी हैं। मान्यता प्राप्त स्टॉक एक्सचेंजों को ऐसे उल्लंघनों के लिए उचित कार्रवाई शुरू करने की सलाह दी जाती है। इस मामले में भी निवेशक/प्रतिभागियों को अवगत कराया जाता है कि निवेशक सुरक्षा तंत्र में से कोई भी उपलब्ध नहीं होगा क्योंकि उनके ट्रेड किसी मान्यता प्राप्त स्टॉक एक्सचेंज पर नहीं होंगे।
इस प्रेस विज्ञप्ति का उद्देश्य ओपिनियन ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म के संबंध में सेबी की भूमिका के बारे में जागरूकता पैदा करना है।

