
गुजरात, अहमदाबाद | 13 जनवरी 2026 — भारत सरकार के माननीय केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह ने अहमदाबाद के सनाथल में फार्मास्यूटिकल अकादमी फॉर ग्लोबल एक्सीलेंस (PAGE) का शिलान्यास किया। PAGE इंडियन फार्मास्यूटिकल एलायंस (IPA) की सदस्य कंपनियों द्वारा शुरू की गई एक उद्योग-नेतृत्व वाली राष्ट्रीय कौशल विकास पहल है। इस पहल के लिए IPA सदस्यों ने कुल 50 मिलियन अमेरिकी डॉलर निर्धारित किए हैं, जो फार्मास्युटिकल मैन्युफैक्चरिंग और क्वालिटी एक्सीलेंस पर फोकस करेंगे। इस अवसर पर गुजरात के माननीय मुख्यमंत्री श्री भूपेंद्रभाई पटेल भी उपस्थित थे।
इस कार्यक्रम के दौरान IPA के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में इंडिया फार्मा आर्काइव्स का भी शुभारंभ किया गया। यह पहल भारतीय फार्मा उद्योग को एक रणनीतिक राष्ट्रीय संपत्ति के रूप में प्रस्तुत करने के साथ-साथ क्षमता निर्माण व संस्थागत विरासत को सशक्त बनाने वाली दो राष्ट्रीय पहलों की शुरुआत का साक्षी बनी।
माननीय केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह ने कहा, “फार्मास्यूटिकल क्षेत्र एक रणनीतिक राष्ट्रीय संपत्ति है, जो सार्वजनिक स्वास्थ्य, आर्थिक मजबूती और वैश्विक स्तर पर भारत की विश्वसनीयता से जुड़ा है। PAGE आत्मनिर्भर भारत की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है । इस पहल से उन्नत कौशल, गुणवत्ता उत्कृष्टता और उद्योग–शिक्षा सहयोग के माध्यम से देश की क्षमता मजबूत होगी। विकसित भारत 2047 की परिकल्पना के अंतर्गत, भारत ‘मेक इन इंडिया’ से ‘डिस्कवर एंड मेक इन इंडिया’ की ओर निर्णायक रूप से अग्रसर होगा, जिसमें गुणवत्ता और नवाचार विकास के स्तंभ होंगे।
गुजरात के माननीय मुख्यमंत्री श्री भूपेंद्रभाई पटेल ने कहा, “गुजरात लंबे समय से भारत के फार्मास्यूटिकल उद्योग में अग्रणी रहा है। अहमदाबाद में PAGE अकादमी की स्थापना से राज्य एक राष्ट्रीय फार्मा हब के रूप में और मजबूत होगा तथा देश के स्वास्थ्य और अर्थव्यवस्था में योगदान देगा।”
IPA की सदस्य कंपनियों की सामूहिक प्रतिबद्धता के रूप में विकसित PAGE का उद्देश्य अत्याधुनिक अवसंरचना के साथ विश्वस्तरीय प्रशिक्षण संस्थान तैयार करना है, जिससे फार्मास्यूटिकल मैन्युफैक्चरिंग, गुणवत्ता प्रणालियों और संचालन में उच्च कौशल वाली मानव संसाधन शक्ति विकसित की जा सके।
इंडिया फार्मा आर्काइव्स की पहल IPA और IIM अहमदाबाद आर्काइव्स के सहयोग से विकसित की गई है। यह पहल स्वतंत्रता के समय आयात पर निर्भर भारत से लेकर आज विश्व को सस्ती और गुणवत्तापूर्ण दवाएं व टीके उपलब्ध कराने वाले देश बनने की यात्रा का दस्तावेजीकरण करती है। इसमें उद्योग संस्थापकों, वैज्ञानिकों और नीति निर्माताओं से की गई रूबरू बातचीत का इतिहास, ‘द अल्केमी ऑफ क्योर’ नामक कॉफी टेबल बुक और उच्च एकेडेमिक स्टान्डर्ड्स के आधार पर तैयार किया गया एक डिजिटल प्लेटफॉर्म भी शामिल है।
IPA के अध्यक्ष और जायडस लाइफसाइंसेज़ के मेनेजिंग डिरेक्टर डॉ. शार्विल पटेल ने कहा, “PAGE कुशल प्रतिभा, व्यावहारिक प्रशिक्षण और मजबूत गुणवत्ता प्रणालियों के माध्यम से वैश्विक स्तर की विनिर्माण क्षमताओं के निर्माण के लिए उद्योग की सामूहिक प्रतिबद्धता को दर्शाता है। वहीं, ‘द अल्केमी ऑफ क्योर’ भारत की फार्मा यात्रा के 25 वर्षों की वैज्ञानिक और उद्देश्यपूर्ण विरासत को संजोता है और आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करने और ग्लोबल हेल्थ को आगे बढ़ाने में भारत की भूमिका को मज़बूत करने के लिए इस विरासत को संभाल कर रखता है।”
PAGE नए स्नातकों, शॉपफ्लोर ऑपरेटरों, फार्मा कंपनियों के कर्मचारियों, MSME इकाइयों और कार्यरत पेशेवरों के लिए स्ट्रक्चर्ड प्रशिक्षण कार्यक्रम प्रदान करेगा, जिससे फार्मास्यूटिकल वैल्यू चेन में निरंतर क्षमता विकास संभव होगा।
इस कार्यक्रम में प्रमुख फार्मास्यूटिकल उद्योग के नेता, सरकारी अधिकारी और शैक्षणिक संस्थानों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
============

