
स्टार स्पोर्ट्स खेल, स्टार स्पोर्ट्स 2 तमिल और जियोहॉटस्टार पर हो रहा सभी 23 मुकाबलों का सीधा प्रसारण
अहमदाबाद 5 जून 2025: भारतीय टेबल टेनिस स्टार श्रीजा अकुला ने इंडियनऑयल अल्टीमेट टेबल टेनिस (यूटीटी) सीजन 6 में गुरुवार को अब तक की सबसे बड़ी जीत दर्ज की। उन्होंने विश्व रैंकिंग में 12वें स्थान पर काबिज बर्नाडेट सोक्स को हराकर जयपुर पैट्रियट्स को यू मुंबा टीटी पर 8-7 की रोमांचक जीत दिलाई।
इस सीजन के सभी मुकाबले अहमदाबाद के ईकेए एरिना में खेले जा रहे हैं और इन्हें स्टार स्पोर्ट्स खेल, स्टार स्पोर्ट्स 2 तमिल और जियोहॉटस्टार पर देशभर के दर्शकों के लिए प्रसारित किया जा रहा है।
टेबल टेनिस फेडरेशन ऑफ इंडिया (टीटीएफआई) के तत्वावधान में, निरज बजाज और वीटा दानी द्वारा प्रमोट किए जा रहे इंडियनऑयल यूटीटी ने खुद को भारत की प्रमुख प्रोफेशनल टेबल टेनिस लीग के रूप में स्थापित कर लिया है। 16 दिनों तक चलने वाली लीग में कुल 23 मुकाबले खेले जाएंगे, जिनके टिकट केवल बुकमाईशो पर उपलब्ध हैं।
जयपुर ने मुकाबले की शुरुआत दमदार अंदाज़ में की, जब कनक झा ने लिलियन बर्दे को 2-1 से हराकर उन्हें इस सीजन की पहली हार दी। इसके बाद श्रीजा अकुला ने सोक्स को बेहद आत्मविश्वास से खेले गए निर्णायक गेम में हराकर मुकाबले में हलचल मचा दी। हालांकि, सोक्स और आकाश पाल की जोड़ी ने मिक्स्ड डबल्स में 3-0 की जीत के साथ यू मुंबा को मुकाबले में वापसी दिलाई।
इसके बाद जीत चंद्रा ने आकाश पाल के खिलाफ जबरदस्त वापसी करते हुए गोल्डन पॉइंट के साथ दूसरा गेम जीता और मुकाबला फिर से बराबरी पर ला दिया। निर्णायक मैच में ब्रिट ईयरलैंड ने युवा यशस्विनी घोरपड़े को 2-1 से हराकर जयपुर के लिए मुकाबला 8-7 से जीत लिया, हालांकि वे अंतिम गेम हार गईं।
आकाश पाल और बर्नाडेट सोक्स को उनके दमदार डबल्स प्रदर्शन के लिए क्रमशः ‘इंडियन प्लेयर ऑफ द टाई’ और ‘फॉरेन प्लेयर ऑफ द टाई’ का पुरस्कार मिला, जबकि ‘शॉट ऑफ द टाई’ का सम्मान जीत चंद्रा को मिला।
इससे पहले, ड्रीम स्पोर्ट्स फाउंडेशन और इंडियनऑयल यूटीटी की संयुक्त पहल ‘ड्रीम यूटीटी जूनियर्स’ में पीबीजी पुणे जैगुआर्स ने दबंग दिल्ली टीटीसी को 7-2 से हराया। अथर्व नवरंगे ने टुष्टि सूद के साथ मिलकर सिंगल्स और डबल्स में जीत दर्ज की। एक अन्य मुकाबले में कोलकाता थंडरब्लेड्स ने डेम्पो गोवा चैलेंजर्स को 5-4 से हराया, जिसमें रित्विक गुप्ता और स्वरा कर्माकर ने सिंगल्स में जीत हासिल की और डबल्स में मिलकर निर्णायक अंक भी हासिल किया।
फाइनल स्कोर
जयपुर पैट्रियट्स 8–7 यू मुंबा टीटी
कनक झा ने लिलियन बर्दे को 2-1 से हराया (11-6, 7-11, 11-9)
श्रीजा अकुला ने बर्नाडेट सोक्स को 2-1 से हराया (11-9, 8-11, 11-5)
कनक झा/श्रीजा अकुला को आकाश पाल/बर्नाडेट सोक्स से 0-3 से हार (8-11, 6-11, 6-11)
जीत चंद्रा ने आकाश पाल को 2-1 से हराया (5-11, 11-10, 11-7)
ब्रिट ईयरलैंड ने यशस्विनी घोरपड़े को 2-1 से हराया (11-7, 11-4, 7-11)

